
मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, SIR और चुनावी पारदर्शिता पर उठाए सवाल; नवज्योत पटनायक और उमेश पटेल की मौजूदगी में हुई पत्रकार वार्ता
कोरबा,मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, SIR प्रक्रिया और चुनावी पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत देशव्यापी जनजागरण की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर द्वारा टीपी नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें एआईसीसी द्वारा नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षक नवज्योत पटनायक तथा पीसीसी पर्यवेक्षक, प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए अभियान के उद्देश्य और कांग्रेस की प्रमुख मांगों की जानकारी दी।
कांग्रेस ने मतदाता सूची से कथित तौर पर नाम हटाए जाने, दोहरे पंजीकरण और चुनावी आंकड़ों में विसंगतियों के आरोपों की स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग उठाई। पार्टी का कहना है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र और कर्नाटक के महादेवपुरा एवं आलंद सहित विभिन्न क्षेत्रों के चुनावी आंकड़ों का हवाला देकर मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस की मांग है कि निर्वाचन आयोग संबंधित आंकड़ों और मतदाता सूची में किए गए बदलावों का विवरण सार्वजनिक करे, ताकि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रही शंकाओं का समाधान हो सके।
देशभर में चलाया जाएगा जनजागरण अभियान
‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत जिला एवं राज्य स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस, गांवों में चौपाल, मतदाता सूची का सत्यापन और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इसके माध्यम से लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा। कांग्रेस ने पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने तथा किसी का नाम हटाए जाने की स्थिति में नियमानुसार अपील का अवसर सुनिश्चित करने की मांग की है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगों में कथित चुनावी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, मतदाता सूची में किए गए बदलावों का विवरण सार्वजनिक करना तथा निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता को मजबूत करना शामिल है।
पत्रकार वार्ता के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने मताधिकार की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। पार्टी का कहना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार सुरक्षित मिलना चाहिए और लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा।



