0 19 पुरुष और 3 महिलाओं ने लिया उपवास का संकल्प, डॉक्टर की जांच के बाद मिली अनुमति; व्रतधारियों के लिए अलग बैरक और फलाहार की व्यवस्था
कोरबा, शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर कोरबा जिला जेल में भी नौ दिनों तक भक्तिमय माहौल बना रहेगा। जेल में निरुद्ध 19 पुरुष और 3 महिला बंदियों सहित कुल 22 बंदियों ने नवरात्रि का व्रत रखा है। बंदियों की आस्था को ध्यान में रखते हुए जेल प्रबंधन द्वारा उनके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
नवरात्रि का व्रत रखने वाले बंदियों को उपवास की अनुमति देने से पहले डॉक्टर से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। चिकित्सकीय जांच के बाद ही उन्हें व्रत रखने की अनुमति प्रदान की गई, ताकि उपवास के दौरान उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखा जा सके।
व्रत रखने वाले बंदियों के लिए जेल में अलग बैरक की व्यवस्था की गई है। साथ ही, उनके लिए फल-फूल एवं फलाहार की व्यवस्था भी जेल प्रबंधन द्वारा की गई है। बैरक में स्वच्छता और शुद्धता बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे व्रतधारी बंदी धार्मिक परंपराओं के अनुरूप नवरात्रि की पूजा-अर्चना कर सकें।
जेलर अमितेश कुमार साहू ने बताया कि नवरात्रि का व्रत रखने वाले बंदियों के लिए अलग बैरक की व्यवस्था की गई है। बैरक में शुद्धता बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके साथ ही बंदियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए डॉक्टर की जांच के बाद ही उन्हें उपवास रखने की अनुमति दी गई है। जेल प्रबंधन द्वारा व्रतधारी बंदियों के लिए आवश्यक फलाहार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
इस तरह कोरबा जिला जेल में भी नवरात्रि के अवसर पर आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।



