

कोरबा,शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीडब्ल्यूडी रामपुर, कोरबा में 11 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों का अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना श्री वाय. के. तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री तिवारी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनएसएस समाज सेवा, व्यक्तित्व विकास तथा चरित्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों को सेवा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विकास के लिए एनएसएस की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रेरणा दी तथा योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती माधुरी अग्रवाल एवं वरिष्ठ व्याख्याता श्री आर. के. गबेल ने नव चयनित स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नए स्वयंसेवकों मनीराज, दीपिका, स्वीटी, अंशु, गंगा एवं रिया रात्रे को एनएसएस बैज एवं डायरी प्रदान की गई। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती गनेशी सोनकर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।












