कोरबा,किन्नर समाज की अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता मालती किन्नर का रविवार सुबह निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं। रविवार सुबह करीब 4 बजे शहर के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।
मालती किन्नर किन्नर समाज के अधिकारों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर हमेशा सक्रिय रहीं। उन्होंने समाज के उत्थान और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके सहज स्वभाव और सामाजिक प्रतिबद्धता के कारण उन्हें समाज के विभिन्न वर्गों में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता था।
राजनीतिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने कोरबा नगर निगम चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में महापौर पद का चुनाव लड़ा था। इसके अलावा वह कांग्रेस पार्टी में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुकी थीं।
उनके निधन की खबर मिलते ही किन्नर समाज, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मालती किन्नर के निधन से कोरबा ने एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और समाजसेवी व्यक्तित्व को खो दिया है। उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
















