कोरबा, निहारिका क्षेत्र स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद होटल संचालक की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। वायरल वीडियो में होटल के उपयोग में आने वाले बर्तनों को बाथरूम में धोते हुए देखा जा सकता है, जिससे खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं।
जानकारी के अनुसार, होटल पहुंचे एक ग्राहक ने बर्तनों को बाथरूम में धोए जाते देखा और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि इस तरह की व्यवस्था ग्राहकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है और खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के नियमों का सख्ती से पालन होना चाहिए।
वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से बर्तनों की सफाई बाथरूम क्षेत्र में होती दिखाई दे रही है। मामले में होटल कर्मचारियों का कहना है कि इमरजेंसी स्थिति के कारण वहां बर्तन धुलवाए जा रहे थे, लेकिन यह तर्क लोगों और उपभोक्ताओं की चिंताओं को कम नहीं कर पाया है।
मामले को लेकर होटल प्रबंधन के मैनेजर मुकेश स्वर्णकार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए बताया कि संबंधित मिठाई एवं होटल प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया जाएगा तथा जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत भोजन तैयार करने और परोसने में उपयोग होने वाले बर्तनों की सफाई स्वच्छ एवं निर्धारित स्थान पर ही की जानी चाहिए। ऐसे में बाथरूम में बर्तन धोने का मामला सामने आने के बाद लोगों की निगाहें अब खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो होटल संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।



