कोरबा , जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरबा-कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 शनिवार अलसुबह लगभग 6 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।
बताया जा रहा हैं की ग्राम गुरसिया-जड़गा मोड़ के पास आ रहे ट्रेलरों के बीच आपसी भिड़ंत ने स्थिति को भयावह बना दिया। जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर की ओर से आ रहे दो ट्रैलर आपस में टकरा गए, इसी दौरान एक ट्रैलर चालक ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की गंभीरता तब और बढ़ गई जब एक अन्य ट्रैलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।
प्रशासन द्वारा क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात बहाल करने का कार्य जारी है। राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।



