

कोरबा,15 ब्लॉक बस्ती स्थित आंगनबाड़ी क्रमांक-1 के पास स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का बस्तीवासियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ विसर्जन किया। बाजे-गाजे के साथ निकली शोभायात्रा में बच्चे, युवा, महिलाएं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
समिति अध्यक्ष दीपक सिंह, उपाध्यक्ष संतोष जांगड़े एवं सचिव किरण पटेल ने बताया कि प्रतिवर्ष समिति और बस्तीवासियों के सहयोग से भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक पूजा-पाठ में भाग लिया।
विसर्जन के अवसर पर प्रतिमा को सजाकर बाजे-गाजे के साथ बस्ती क्षेत्र में भ्रमण कराया गया। श्रद्धालु नाचते-गाते हुए “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष लगाते रहे। इसके बाद विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।















