- फोरलेन हो या सिक्सलेन, सड़क बनाएं लेकिन छोटे दुकानदारों को उजाड़कर नहीं
- BALCO अपनी बाउंड्री पीछे कर सड़क के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराए
कोरबा,बजरंग चौक–परसाभाठा मार्ग के प्रस्तावित फोरलेन को लेकर स्थानीय दुकानदारों और रहवासियों की समस्याओं के बीच पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने गुरुवार को परसाभाठा क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। बाजार चौक में नागरिकों एवं छोटे दुकानदारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास की कीमत गरीबों के घर और उनकी रोजी-रोटी नहीं हो सकती।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि परसाभाठा के अनेक छोटे दुकानदार वर्षों से अपनी छोटी-छोटी दुकानों के माध्यम से परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। इन दुकानों को हटाने का अर्थ केवल एक दुकान हटाना नहीं, बल्कि एक परिवार की आय का साधन छीनना है। इसलिए सड़क निर्माण की योजना बनाते समय प्रभावित परिवारों के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि BALCO फोरलेन बनाए या जरूरत हो तो सिक्सलेन बनाए, उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सड़क निर्माण के लिए छोटे दुकानदारों को उजाड़ना स्वीकार्य नहीं होगा। यदि अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है तो केवल गरीबों की दुकानों और मकानों को हटाना ही विकल्प नहीं हो सकता।
पूर्व मंत्री ने कहा कि उनके अनुसार BALCO प्रबंधन संयंत्र विस्तार, एश डाइक सहित अन्य क्षेत्रों में शासकीय भूमि का उपयोग कर रहा है। ऐसे में सड़क के लिए यदि कुछ मीटर अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है तो BALCO अपनी बाउंड्री प्लांट की ओर पीछे कर सड़क के लिए आवश्यक जगह उपलब्ध कराने की पहल करे। इससे सड़क का विकास भी होगा और छोटे दुकानदारों की आजीविका भी सुरक्षित रह सकती है।
उन्होंने BALCO प्रबंधन से स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित करने की मांग करते हुए कहा कि उद्योग की सामाजिक जिम्मेदारी केवल उत्पादन तक सीमित नहीं हो सकती। स्थानीय युवाओं को रोजगार, कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधाएं, कार्यस्थल पर सुरक्षा तथा प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
जयसिंह अग्रवाल ने प्रशासन से आग्रह किया कि स्थानीय लोगों की आपत्तियों एवं सुझावों को सुनकर BALCO प्रबंधन के साथ समन्वय किया जाए और सड़क की डिजाइन एवं भूमि सीमा का पुनः परीक्षण कर व्यावहारिक समाधान निकाला जाए।
उन्होंने कहा, “सड़क बनाइए, विकास कीजिए, जरूरत हो तो सिक्सलेन बनाइए, लेकिन उन गरीब दुकानदारों को उजाड़कर नहीं, जिनकी छोटी-सी दुकान ही उनके परिवार की रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा है।”
इस कार्यक्रम में कोरबा जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, बालकोनगर चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स अध्यक्ष सुमेर डालमिया, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ अध्यक्ष गजानंद साहू, कोरबा निगम नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, पार्षद रामगोपाल कुर्रे, बद्री किरण, रवि चंदेल, ब्लाक अद्ध्यक्ष ए.डी. जोशी, पालूराम साहू, मंडल अध्यक्ष देवीदयाल सोनी, बुधेश्वर चौहान, इकबाल कुरैशी के साथ ही श्रमिक नेता संजू शर्मा, एफ.डी.मानिकपुरी, राकेश पंकज, मुन्ना खान, पुष्पा पात्रे, निकिता खलखो, राजा यादव सहित सैकड़ों की संख्या में प्रभावित निवासी और दुकानदार एवं आम नागरिक उपस्थित रहे.













