
“राधे-राधे” बोलकर लिए रुपए!
सीजी ,सोशल मीडिया में वायरल एक वीडियो ने मनेंद्रगढ़ उप जेल प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। वायरल वीडियो में उप जेल का एक प्रहरी कथित तौर पर हत्या के आरोपियों के परिजनों से रुपए लेते नजर आ रहा है। मामला सामने आने के बाद संबंधित प्रहरी को निलंबित कर अंबिकापुर अटैच किए जाने की जानकारी मिल रही है।
सोशल मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, उप जेल में पदस्थ प्रहरी संतोष तिवारी पर आरोप है कि उसने जेल में बंद मर्डर केस के आरोपियों को VIP ट्रीटमेंट देने के नाम पर उनके परिजनों से 1 लाख 30 हजार रुपए की मांग की थी। बताया जा रहा है कि पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपए लेने वह आरोपियों के घर पहुंचा था।
वायरल वीडियो में प्रहरी घर पहुंचकर “राधे-राधे” बोलते हुए दिखाई देता है, जिसके बाद कथित तौर पर रुपए लेकर वहां से निकल जाता है। दावा किया जा रहा है कि परिवार के ही किसी सदस्य ने यह वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
जानकारी यह भी सामने आ रही है कि पैसे नहीं देने पर आरोपियों को जेल में प्रताड़ित करने की धमकी दी गई थी। साथ ही गवाहों को प्रभावित कर आरोपियों को राहत दिलाने जैसी बातें भी कही गई थीं।
बताया जा रहा है कि मामला गणेश चतुर्थी के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना से जुड़ा है, जिसमें 10 लोगों को आरोपी बनाया गया था। बाद में 7 लोगों को सबूत नहीं मिलने पर छोड़ दिया गया, जबकि 3 आरोपी हत्या के मामले में जेल में बंद हैं।
हालांकि वायरल वीडियो और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया में मामला सामने आने के बाद जेल प्रशासन द्वारा कार्रवाई किए जाने की चर्चा है। विभागीय जांच जारी बताई जा रही है।



