कोरबा, मुस्लिम धर्मावलंबियों का दूसरा सबसे बड़ा त्यौहार बकरीद अर्थात कुर्बानी का पर्व ईद-उल- अजहा 28 मार्च गुरुवार को मनाया जाएगा। पर्व के अवसर पर बकरों की कुर्बानी दी जाएगी। इससे पहले ईदगाहों से लेकर मस्जिदों और इबादतगाहों में बकरीद की नमाज अता की जाएगी।
एक तरफ जहां मुस्लिम धर्मावलंबियों के द्वारा अकीदत के साथ बकरीद मनाने की तैयारी की गई है तो दूसरी तरफ जिला व पुलिस प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर अपनी तैयारी की है। इस कड़ी में आज जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन व मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में कोतवाली, सिविल लाइन थाना, मानिकपुर चौकी, सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी एवं स्टाफ के साथ वाहन में फ्लैग मार्च किया गया।
शहर क्षेत्र के उन सभी मस्जिदों और इबादतगाहों के आसपास पुलिस ने अपनी धमक बढ़ाई और पर्व को शांतिपूर्वक मनाने का संदेश दिया। टीपी नगर चौक पर यातायात विभाग के अधिकारियों एवं एएसआई मनोज कुमार राठौर के साथ यातायात व्यवस्था पर आवश्यक निर्देश दिए गए। सभी ईदगाहों, मस्जिदों समेत इबादतगाहों पर नमाज अता करने के लिए जाने के दौरान और इसके पश्चात उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर यातायात व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सभी नमाज स्थलों पर भी व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाने के संबंध में निर्देश देते हुए आवश्यक मार्गदर्शन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी क्षेत्र में निरंतर गश्त करती रहेगी व धर्मस्थलों पर विशेष नजर रखी जाएगी।



