बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम का आयोजन
कोरबा,बच्चों के स्वास्थ्य एवं शारीरिक-मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 1 नवंबर 2026 को स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड स्थित पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय (दुकान क्रमांक 10 एवं 11) में नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा के मार्गदर्शन में रवि पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर यह आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम आयोजित होगा।
‘बच्चे रहें स्वस्थ’ योजना के अंतर्गत जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन की ड्रॉप्स पिलाई जाएंगी। इस दौरान बच्चों का निःशुल्क चिकित्सकीय परीक्षण भी किया जाएगा। साथ ही बच्चों की आयु के अनुसार उपयोगी आहार-विहार, बेहतर स्वास्थ्य एवं शारीरिक और मानसिक विकास से संबंधित जानकारी अभिभावकों को दी जाएगी। इसके अलावा बच्चों के लिए उपयोगी योग एवं प्राणायाम का निःशुल्क प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
आयोजकों ने अभिभावकों से इस कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है। बच्चों को असुविधा एवं अनावश्यक प्रतीक्षा से बचाने के लिए स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार हेतु पूर्व में समय निर्धारित कराना आवश्यक है। इच्छुक अभिभावक मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर अपना समय प्राप्त कर सकते हैं।



