
कोरबा ,जानकारी के अनुसार कोरबा-चांपा सड़क मार्ग में थाना उरगा क्षेत्र अंतर्गत जन्मदिवस की पार्टी के बाद हुए एक विवाद का अंत एक युवक की मृत्यु के साथ खत्म हुआ। बताया जा रहा हैं की बोलेरो कैंपर से कुचलने की घटित घटना में एक युवक की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कथित आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार 3 जुलाई की रात लगभग 11 बजे थाना दीपका क्षेत्र के 10-12 युवक अपने एक साथी का जन्मदिवस मनाने के लिए थाना उरगा क्षेत्र में संचालित एक रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर दो व्यक्तियो के बीच विवाद हो गया।
रिजॉर्ट से चेक-आउट करने के बाद सभी युवक बाहर सड़क पर पहुंचे, जहां दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक अपनी बोलेरो कैंपर में बैठा और गुस्से में वाहन दूसरे युवक के ऊपर चढ़ा दिया। घटना को अंजाम देने के बाद कथित आरोपी घटना स्थल से फरार हो गया।
घटना के बाद अन्य साथियों ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय, कोरबा पहुंचाया, जहां चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर थाना उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कथित आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फरार कथित आरोपी की तलाश के साथ मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।




