कोरबाछत्तीसगढ़

सावधान: बर्ड फ्लू के प्रकोप ने बढ़ाई प्रशासन की चिंता, रोकथाम की कार्रवाई शुरू

0 संक्रमण के कारण 4,400 मुर्गियों की मौत, 10 किमी तक की जा रही निगरानी
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू के प्रकोप ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। कोनी इलाके में स्थित एक सरकारी पोल्ट्री फार्म में पिछले कुछ दिनों 4,400 से ज्यादा मुर्गियों की मौत हो गई। रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन ने युद्धस्तर पर रोकथाम की कार्रवाई शुरू की। पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक ने बताया कि 19 से 24 मार्च के बीच कोनी इलाके में स्थित सरकारी पोल्ट्री फ़ार्म में वायरल संक्रमण के कारण करीब 4,400 मुर्गियों की मौत हो गई। इस फ़ार्म में कुल 5,037 मुर्गियां थीं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारी ने बताया कि मृत पक्षियों के सैंपल सोमवार को भोपाल और पुणे की लैब में भेजे गए थे। भोपाल की लैब ने मृत मुर्गियों में एवियन इन्फ्लूएंज़ा (बर्ड फ्लू) की पुष्टि हुई है। आधिकारिक बयान के मुताबिक पुष्टि होने के बाद जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने एवियन इन्फ्लूएंज़ा की रोकथाम और नियंत्रण के लिए रोकथाम और बचाव के लिए तत्काल निर्देश जारी किए हैं।
बयान में कहा गया है कि फार्म के एक किलोमीटर के दायरे को संक्रमित क्षेत्र और 10 किलोमीटर के दायरे को निगरानी क्षेत्र घोषित किया गया है। प्रोटोकॉल के मुताबिक संक्रमित क्षेत्र के अंदर पोल्ट्री पक्षियों, उनके चारे और अंडों को नष्ट कर दिया जाएगा और उनके आवागमन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। इसके लिए पशुपालन विभाग द्वारा पोल्ट्री पक्षियों के मालिकों को मुआवज़ा दिया जाएगा। मुर्गियों को मारने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, फार्म को सील कर दिया जाएगा। बयान में कहा गया है कि प्रभावित क्षेत्र में संक्रमित पक्षियों को मारने, उनका सुरक्षित निपटान करने, निगरानी रखने और सैनिटाइज़ेशन के उपाय करने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीमें गठित की गई हैं।
इन क्षेत्रों में चेतावनी वाले साइनबोर्ड लगाए जाएंगे और पोल्ट्री के आवागमन और बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पोल्ट्री फ़ार्म के कर्मचारियों के स्वास्थ्य की निगरानी भी की जा रही है। इसमें कहा गया है कि जिस भी व्यक्ति में लक्षण दिखाई देंगे, उसकी जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उसे एंटीवायरल दवा दी जाएगी। अधिकारियों ने पूरे जिले में पोल्ट्री बिक्री केंद्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहते हुए अधिकारियों के साथ सहयोग करें। अधिकारियों ने बताया कि अब तक इंसानों में संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है।

Ramesh Verma

Mob. 9144488800, 9685187361

Related Articles

Back to top button