कोरबा

शिव नगरी पाली में सजे सुरों के रंग, महोत्सव में बॉलीवुड और भक्ति का अद्भुत समागम…

कोरबा, ऐतिहासिक पाली शिव मंदिर परिसर में आयोजित पाली महोत्सव 2026 में संगीत और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। भव्य शुभारंभ के साथ शुरू हुए इस महोत्सव में हजारों श्रोताओं ने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया। कार्यक्रम में बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक सलमान अली, खुशबू ग्रेवाल और मीत ब्रदर्स ने अपने सुपरहिट गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सलमान अली ने देवा श्री गणेशा, तेरी दीवानी, सांसों की माला में सिमरूं मैं पी का नाम, रश्के कमर और कजरा मोहब्बत वाला जैसे लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया। श्रोताओं ने तालियों और उत्साह के साथ कलाकारों का स्वागत किया। खुशबू ग्रेवाल और मीत ब्रदर्स की प्रस्तुतियों में सुर और ताल का बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। दर्शकों ने उनके साथ गुनगुनाते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कलाकारों ने पाली महोत्सव में पहली बार प्रस्तुति देने पर खुशी जताई और यहां की संस्कृति व आत्मीयता की सराहना की। महोत्सव का आध्यात्मिक आकर्षण रहे हंसराज रघुवंशी ने शिव भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ऐसा डमरू बजाय भोलेनाथ ने और मेरा भोला है भंडारी जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। उनकी प्रस्तुति ने पूरे परिसर को आस्था के रंग में रंग दिया। राष्ट्रीय कलाकारों के साथ स्थानीय प्रतिभाओं ने भी पारंपरिक नृत्य, लोकगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत मंच पर जीवंत हो उठी और तालियों की गूंज से महोत्सव का माहौल देर रात तक उत्साहपूर्ण बना रहा। पाली महोत्सव 2026 ने एक बार फिर संगीत, संस्कृति और श्रद्धा के संगम का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।

Ramesh Verma

Mob. 9144488800, 9685187361

Related Articles

Back to top button