कोरबा

मेन रोड की शराब दुकान शिफ्ट कराने कई संगठनों की मांग, कहा-बिगड़ रहा सामाजिक माहौल

कोरबा, शहर के पुराना बस स्टैण्ड क्षेत्र में स्थित विदेशी मदिरा दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग लगातार जारी है। जनभावनाओं एवं सामाजिक शांति-व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए उक्त विदेशी मदिरा दुकान को वर्तमान स्थल से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग विभिन्न सामाजिक,धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने की है।
इस संबंध में वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद श्रीमती सुलोचना यादव ने भी अपनी सहमति दी है और पत्र लिखा है। इनके अलावा जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, रोटरी क्लब कोरबा, मध्य नगरीय व्यापारी संघ, सरस्वती शिशु मंदिर पुराना बस स्टैंड, गुरु सिंह सभा इतवारी बाजार, श्री श्याम मित्र मंडल, श्री पंचदेव मंदिर सेवा समिति, श्री श्वेतांबर जैन समिति, श्री राम जानकी मंदिर पुराना बस स्टैंड की तरफ से भी पत्राचार कर शराब दुकान कहीं और शिफ्ट करने की मांग की गई है।
सभी संगठन प्रमुखों ने कहा है कि पुराना बस स्टैण्ड के समीप स्थित विदेशी मदिरा दुकान अत्यंत संवेदनशील एवं घनी आबादी वाले क्षेत्र में संचालित की जा रही है। उक्त स्थान के समीप मंदिर, विद्यालय एवं विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठान स्थित हैं तथा यह क्षेत्र शहर का प्रमुख आवागमन केंद्र होने के कारण यहां दिन भर आम नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं परिवारों का आवागमन बना रहता है। मदिरा दुकान के कारण क्षेत्र में आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, गाली-गलौज, झगड़े-मारपीट तथा अन्य अनुचित गतिविधियां होती रहती हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों, महिलाओं एवं बालिकाओं को असुरक्षित एवं असहज वातावरण का सामना करना पड़ता है। इससे न केवल क्षेत्र का सामाजिक वातावरण दूषित हो रहा है, बल्कि यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है तथा आसपास के शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसे हटाना जरूरी है ताकि क्षेत्रवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके तथा सुरक्षित एवं स्वस्थ सामाजिक वातावरण सुनिश्चित हो सके।

Ramesh Verma

Mob. 9144488800, 9685187361

Related Articles

Back to top button