
कोरबा, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराधों के मामलों में रोकथाम के लिए की जा रही तमाम तरह की कवायदों और बढ़ाई जा रही धमक के बीच अज्ञात चोरों ने बांकीमोगरा पुलिस को झटका दिया है।
बांकीमोगरा थाना परिसर में थाना के मुख्य द्वार के बगल में ही खड़ी एक 18 चक्का ट्रेलर के केबिन का कांच तोड़कर चोरी कर ली गई। यह चोरी ट्रेलर के मालिक और स्थानीय लोगों के लिए काफी चौंकाने वाली रही। वहीं, जानकारी होते ही पुलिस के भी तोते उड़ गए।
जानकारी के मुताबिक ट्रांसपोर्टर बांकीमोगरा निवासी संजय यादव की 18 चक्का ट्रेलर क्रमांक सीजी 30 एफ 8112 को 20 जून 2026 को खनिज विभाग के द्वारा जांच के दौरान अवैध गिट्टी परिवहन करते पाए जाने पर जप्त करते हुए पुलिस अभिरक्षा में बांकीमोगरा थाना के सुपुर्द किया गया था। एक माह के लिए यह गाड़ी खनिज विभाग द्वारा खड़ी कराई गई है और जुर्माना अभी तय नहीं हुआ है। पुलिस की सुरक्षा में गाड़ी खड़ी होने से मलिक भी निश्चिन्त रहा कि सब कुछ ठीक होगा।
2 दिन पहले ही ट्रेलर मालिक थाना का चक्कर लगाने गया था, जहां गाड़ी को देखा तो सब कुछ ठीक-ठाक था लेकिन आज रविवार को सुबह जब वह थाना पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। पिछली रात अज्ञात चोर के द्वारा पत्थर मार कर केबिन का कांच तोड़ते हुए यहां रखे जैक, रॉड, साउंड बॉक्स सहित अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया गया। थाना परिसर के अंदर चोरी की यह खबर न सिर्फ चौंकाने वाली है बल्कि यह भी बताने के लिए काफी है कि चोर, पुलिस को खुली चुनौती देने लगे हैं और उन्हीं की मांद में घुसकर चोरी की हिमाकत कर डाली।
बहरहाल ट्रांसपोर्टर ने इस थाना का मामला होने के कारण शिकायत नहीं की है लेकिन वह शीर्ष अधिकारी से मिलकर शिकायत दर्ज कराने के लिए तत्पर है। गाड़ी मालिक ने थाना कर्मियों से पूछा तो पता चला कि थाना में सीसीटीवी कैमरा लगा है लेकिन उसका रेंज और दिशा घटना स्थल की तरफ नहीं है, इसलिए ना कोई घटनाक्रम कैद हुआ और ना ही पुलिस को कोई जानकारी मिल सकी।




