कोरबा,अवैध शराब पर कार्रवाई करने गई आबकारी टीम के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। उरगा पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मामला थाना उरगा क्षेत्र के ग्राम दशरथभाठा का है। 2 नवंबर को आबकारी विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि पताढी पंचायत निवासी जीवन उरांव ने अपने घर में अवैध महुआ शराब का जखीरा छिपा रखा है। टीम ने मौके पर छापा मारकर 13 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की।
जब्ती के बाद जब टीम आरोपी जीवन उरांव को हिरासत में ले रही थी, तभी उसकी पत्नी सरस्वती उरांव और उसकी रिश्तेदार बुन्दकुंवर उरांव ने टीम को रोक दिया। दोनों ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए आबकारी अधिकारियों को गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और महिला सब इंस्पेक्टर शुभांगी तिवारी व आरक्षक रोचक देवांगन से मारपीट की।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने शोर मचाकर गांव के लोगों को इकट्ठा कर आबकारी टीम को घेरने की भी कोशिश की।
आबकारी विभाग की शिकायत पर थाना उरगा में बीएनएस की धारा 221, 132, 121, 296, 351(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।



