कोरबा,जिला अस्पताल के 100 बेड परिसर में संचालित वाहन पार्किंग की व्यवस्था कटघरे में आ गई है। पार्किंग में खड़ी एक बाइक चोरी हो गई। इससे भी गंभीर बात यह रही कि वाहन मालिक के अनुसार पार्किंग संचालक ने चोरी की घटना के बाद पार्किंग पर्ची वापस लेकर फाड़ दी। इसके बाद सिविल लाइन थाना रामपुर में मामला दर्ज किया गया है।
एफआईआर के अनुसार ग्राम खिसोरा, बलौदा निवासी पंकज अहिर ने 17 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे अपनी हीरो स्प्लेंडर (क्रमांक CG-11-BG-0476) को जिला अस्पताल के 100 बेड परिसर स्थित वाहन स्टैंड में खड़ा किया था। पार्किंग शुल्क लेकर उसे पर्ची भी दी गई। इलाज संबंधी कार्य से लौटने पर बाइक स्टैंड से गायब मिली।
शिकायत में दर्ज है कि घटना की जानकारी देने पर पार्किंग संचालक ने वाहन की पार्किंग पर्ची अपने पास लेकर फाड़ दी। ऐसे में अब सवाल यह उठ रहा है कि जब वाहन शुल्क लेकर पार्किंग में खड़ा कराया गया था तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी। यदि पार्किंग परिसर से ही वाहन चोरी हो जाए और उसके बाद पार्किंग पर्ची भी नष्ट कर दी जाए, तो पूरी व्यवस्था की जवाबदेही पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।
पंकज अहिर की शिकायत पर सिविल लाइन थाना रामपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत चोरी का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। अब यह जांच का विषय होगा कि बाइक चोरी की घटना में पार्किंग व्यवस्था और ठेका संचालक की भूमिका क्या रही तथा सुरक्षा में कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई।




