कोरबा,जिले में इस साल की पहली अच्छी बारिश के बाद नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। बढ़े हुए पानी के साथ नदी की बड़ी-बड़ी मछलियां भटककर नालों और आसपास के खेतों तक पहुंचने लगी हैं।
कोलिहामुड़ा-जवाली के कोलिहा नाला में ग्रामीण राम प्यारे बघेल को एक बड़ी मछली हाथ लगी। मछली मिलने की खबर मिलते ही पूरे परिवार में खुशी का माहौल बन गया। परिवार और पड़ोसियों ने मिलकर ताजी मछली से स्वादिष्ट व्यंजन बनाए और दावत का आनंद लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल पहली बारिश के दौरान ऐसा नजारा देखने को मिलता है। नदियों का पानी बढ़ने पर मछलियां बहकर छोटे नालों और खेतों तक पहुंच जाती हैं, जिसे पकड़कर ग्रामीण खुशी मनाते हैं। किसानों के लिए भी यह बारिश राहत लेकर आई है। खेतों में नमी बढ़ने से बुवाई की तैयारियां तेज हो गई हैं।




