कोरबा,शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी ऊंची लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र धुएं की चादर से ढक गया, जिससे आसपास के रहवासियों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के कुछ ही मिनटों में धुएं का गुबार सैकड़ों फीट ऊपर तक फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की कई गाड़ियों ने आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया।
घटनास्थल से सामने आए वीडियो में आग की भयावहता साफ नजर आ रही है। आग की लपटों के बीच काला धुआं पूरे आसमान में फैलता दिखाई दे रहा है। वहीं फायर ब्रिगेड और पुलिस के सायरन लगातार गूंजते रहे, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट अथवा किसी ज्वलनशील सामग्री में आग लगने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण मिलने के बाद विस्तृत जांच कर कारणों का पता लगाने की बात कही है।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन और राहत दल स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।




