


कोरबा,स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सीएसईबी ग्राउंड में परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अंतिम रिहर्सल आयोजित किया गया। रिहर्सल में विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, पुलिस बल, एनसीसी, स्काउट-गाइड तथा अन्य दलों ने भाग लिया।
रिहर्सल के दौरान परेड दलों ने अनुशासन और समन्वय के साथ मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। वहीं छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अभ्यास कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम स्थल पर जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को सफल एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से ध्वनि, मंच, सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया। अंतिम रिहर्सल के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।











