कोरबा , कलेक्ट्रेट के पास स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के कार्यालय के अंदर एक सुरक्षाकर्मी की लाश फांसी के फंदे लटकती मिली हैं। मृतक की पहचान 25 वर्षीय विनोद सोनवानी के रूप में की गयी हैं। बताया जा रहा हैं की वह आरामशीन क्षेत्र में निवास करता था और एलआईसी कार्यालय में नाइट शिफ्ट की ड्यूटी करता था। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, विनोद सोनवानी रविवार को घर से लौटा था और रात में ड्यूटी पर चला गया था। परिजनों ने रात में उसे फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इससे परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। सुबह लगभग 5 बजे उसके पिता बेटे को देखने सीधे एलआईसी कार्यालय पहुंचे। काफी देर तक आवाज देने और फोन करने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने एलआईसी कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना दी। ऑफिस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो वह कार्यालय के अंदर फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। यह देखकर सभी के होश उड़ गए।
इसकी सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस परिजनों और एलआईसी कर्मचारियों के बयान ले आगे की कार्यवाही कर रही हैं।




