👉🏻 अधिकारियों-सहकर्मियों व शुभचिंतकों से मिल रही बधाईयाँ
कोरबा/बिलासपुर/रायपुर,पुलिस विभाग में पदोन्नति के क्रम में कोरबा जिले में सब इंस्पेक्टर (एसआई) के रूप में अपनी सफलतम सेवाएं दे चुके कृष्णा साहू को पुलिस मुख्यालय द्वारा निरीक्षक पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति के बाद उनकी नई पदस्थापना रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में की गई है। उनके इंस्पेक्टर बनने पर पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।
कृष्णा साहू ने अपने पुलिस सेवा के दौरान कोरबा जिले में सब इंस्पेक्टर के रूप में कार्य करते हुए उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम और आम जनता के बीच बेहतर पुलिसिंग स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने शांत स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई के कारण उन्होंने विभाग के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी अपनी अलग पहचान बनाई। कोरबा में सेवाएं देने के बाद उनका स्थानांतरण बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना में हुआ, जहां उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों के सफल निराकरण और प्रभावी पुलिस व्यवस्था बनाए रखने में अहम योगदान दिया।
👉🏻 कमिश्नर ने वर्दी में लगाए थ्री स्टार
हाल ही में जारी पदोन्नति आदेश के बाद रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में आयोजित एक सादे समारोह में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने उनके वर्दी में इंस्पेक्टर पद का बैच थ्री स्टार लगाकर नई जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनके अब तक के कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे नई जिम्मेदारी का भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और दक्षता के साथ निर्वहन करेंगे।
👉🏻 अनुभव और कार्यकुशलता का मिलेगा लाभ
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में इंस्पेक्टर के रूप में पदस्थ होने के बाद कृष्णा साहू राजधानी की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में अपनी सेवाएं देंगे। निश्चित ही उनका अनुभव, कार्यक्षमता और कार्यकुशलता कमिश्नरेट की पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
👉🏻 दिल्ली में सम्मानित हो चुके हैं कृष्णा साहू
कोरबा जिला पुलिस बल में कार्यरत रहते हुए कृष्णा साहू ने सीएसईबी चौकी, रामपुर चौकी एवं सायबर सेल में कार्य करते हुए कई चुनौतीपूर्ण एवं अनसुलझे मामलों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद तबादला उपरांत साइबर सेल बिलासपुर में पदस्थापना के दौरान दिल्ली में हुए करीब 20 करोड़ की चोरी को पकड़ने में सफलता प्राप्त किया। इस सफलता से छत्तीसगढ़ पुलिस का नाम पूरे भारत में रोशन हुआ। दिल्ली पुलिस के द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया। कोरबा और बिलासपुर में उनके साथ कार्य कर चुके अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनकी पदोन्नति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उनकी मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा का सम्मान बताया है।




