
प्रांताध्यक्ष मनीष ठाकुर ने संगठन में एकता बनाए रखने की अपील की, कन्हैया कुमार पुनः बने अध्यक्ष
नई दिल्ली,छत्तीसगढ़ भवन में शासकीय कर्मचारी विभागीय समिति, नई दिल्ली द्वारा छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासकीय वाहन चालक यांत्रिक कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष श्री मनीष ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात राजकीय गीत का सामूहिक गायन कर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और गौरव को याद किया गया।
इस अवसर पर प्रांताध्यक्ष श्री मनीष ठाकुर ने संगठन के हित में अपने विचार रखते हुए सभी सदस्यों से आपसी एकता और समन्वय बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी सदस्यों का एकजुट रहना आवश्यक है। कार्यक्रम में श्री समय सिंह (कोषाध्यक्ष) एवं ऑल इंडिया गवर्नमेंट ड्राइवर्स कॉन्फेडरेशन के वरिष्ठ सदस्य श्री राधेश्याम ने भी अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान समिति की नई कार्यकारिणी के निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न हुई। सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पूर्व पदाधिकारियों को पुनः जिम्मेदारी सौंपते हुए श्री कन्हैया कुमार को अध्यक्ष, श्री नंदन सिंह गोसाई को सचिव तथा श्री नंद कुमार गोंड़ को कोषाध्यक्ष चुना।
कार्यक्रम का समापन सभी सदस्यों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संगठन की एकता, मजबूती और कर्मचारी हितों के लिए मिलकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।



