जहरीले जीव के काटने से हुई युवक की मौत
कोरबा , घर के अंधेरे कमरे में सामान की तलाश करते समय युवक को जहरीले जंतु ने काट लिया। थोड़ी देर बाद किशोर को बेहोशी छाने लगी। घटना की जानकारी होने पर परिजन किशोर को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां घर के इकलौते पुत्र की मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने वैधानिक कार्यवाही कर ली है।
जानकारी के अनुसार उरगा थानांतर्गत ग्राम दादर कला ढेलवांडीह में भरत लाल कंवर नामक युवक निवास करता है। वह खेती-किसानी का काम करता है। उसका इकलौता पुत्र 14 वर्ष घर के अंधेरे कमरे में किसी सामान की तलाश कर रहा था। इसी दौरान दाहिने पैर के अंगूठे को किसी जहरीले जंतु ने काट लिया। जिसे अभिषेक ने नजरअंदाज कर दिया। थोड़ी देर बाद अभिषेक को बेहोशी छाने लगी। जिसकी जानकारी उसने पिता सहित अन्य परिजनों को दी। माजरा समझ आते ही परिजन अभिषेक को सीधे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले आए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत किशोर को मृत घोषित कर दिया। मामले में अस्पताली मेमों मिलने पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।




