बलगी के ब्वायस इलेवन क्रिकेट टीम ने जीता विजेता का खिताब
0 दो विकेट खोकर महज 5 ओवर में 50 रन के लक्ष्य को किया हासिल
कोरबा। बलगीखार क्रिकेट स्पर्धा का शनिवार को समापन हुआ। बलगी कॉलोनी के ब्वायस इलेवन क्रिकेट टीम ने विजेता का खिताब जीता। क्रिकेट स्पर्धा के समापन व पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि वार्ड क्रमांक 55 बलगीखार के पार्षद मस्तूल सिंह कंवर ने विजेता टीम के खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आनंद इलेवन की टीम ने पहली ओवर में ही दो विकेट गिरने से शुरूआत अच्छी नहीं रही और 10 ओवर में 50 रन ही बना पाई। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलगी कॉलोनी के ब्वायस इलेवन टीम के ओपनर बल्लेबाजों ने बेहतर शुरूआत की। सधी हुई बल्लेबाजी से शुरूआत में विकेट नहीं गंवाए और विरोधी टीम के गेंदबाजों को हावी नहीं होने दिया। इसके बाद कई आक्रामक शॉट भी लगाए। इस तरह महज 5 ओवर में ही 51 रन का लक्ष्य हासिल कर बलगी कॉलोनी के ब्वायस इलेवन टीम ने विजेता का खिताब जीता। मुख्य अतिथि पार्षद मस्तूल सिंह कंवर ने कहा कि खेल में हार और जीत लगी रहती है। हार मिलने पर निराश न हो और आगे बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए अभ्यास करते रहें। इस तरह के स्पर्धाओं में भाग लेने प्रतिभागियों को यह सीख मिलती है कि किस तरह टीम वर्क से जीत हासिल की जा सकती है। इस कारण उन्होंने एकजुटता पर बल दिया। क्रिकेट स्पर्धा के समापन व पुरस्कार वितरण समारोह के विशिष्ट अतिथि एमएस यादव, राकेश साहू, ममता यादव रहे। फाइनल मैच में अंपायर संजय यादव व सुदर्शन रहे। स्पर्धा को सफल बनाने में आनंद यादव समेत बस्तीवासियों का सहयोग रहा।




