लंबे समय से फरार मारपीट का आरोपी पूर्व ऑटो संघ के अध्यक्ष गिरफ्तार
0 दस साल पहले युवक से की थी मारपीट कोर्ट से जारी हुआ था वारंट

कोरबा,जिले में पुलिस ने लंबे समय से फरार वारंटियों की धरपकड़ तेज कर दी है। इस अभियान के तहत रामपुर पुलिस को एक बार फिर सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जमानत पर रिहा होने के बाद फरार जिला ऑटो संघ के पूर्व अध्यक्ष मिथुन सरकार को वारंट की तामिली करते हुए गिरफ्तार कर लिया।उसे कोर्ट में पेश कर जिला जेल दाखिल कराया गया है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2013 में कोतवाली अंतर्गत रहने वाला मिथुन सरकार जिला ऑटो संघ का अध्यक्ष था। उसका किसी बात को लेकर विवेक सिंह नामक युवक से विवाद हो गया। मिथुन सरकार ने अपने साथियों के साथ मिलकर उससे मारपीट कर दी। घटना में विवेक सिंह को गंभीर चोटें आई। मामले मे रामपुर पुलिस ने मिथुन सरकार और उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। जिला ऑटो संघ का पूर्व अध्यक्ष जमानत पर रिहा होने के बाद कोर्ट में उपस्थित नहीं हो रहा था। कोर्ट ने पेशी में उपस्थित नहीं होने पर उसके खिलाफ वारंट जारी किया था । पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जिला पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर फरार वारंटी की धरपकड़ के निर्देश जारी किया है । उनके निर्देश एएसपी अभिषेक वर्मा व सीएसपी भूषण एक्का के मार्गदर्शन में सिविल लाइन थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे ने फरार वारंटी की खोजबीन शुरू की। इस दौरान थाना प्रभारी को जिला ऑटो संघ के पूर्व अध्यक्ष और फरार वारंटी के पुराना बस स्टैंड के समीप देखे जाने की सूचना मिली। उन्होंने थाने में पदस्थ आरक्षक योगेश राजपूत और दीप नारायण त्रिपाठी मौके पर रवाना कर दिया। पुलिस जवानों ने मौके पर पहुंच पूर्व अध्यक्ष मिथुन सरकार को पकड़ लिया। उसे वारंट की तामिली करते हुए कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जमानत के अभाव में जिला जेल दाखिल कराया गया है। इसी तरह रामपुर पुलिस ने 5 साल पहले हुई मारपीट के मामले में हीरालाल यादव नामक वारंटी को भी जेल भेज दिया है। बहरहाल पुलिस की धर पकड़ अभियान से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।




