कोरबा

अवैध उत्खनन व परिवहन करते ट्रैक्टर को किया गया जब्त


कोरबा, जिले के कोरबी सर्किल में वन्य क्षेत्र में स्थित एक नाले से रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन करते एक ट्रैक्टर को वन विभाग की टीम ने जब्त कर भारतीय वन अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार वन विभाग के अधिकरियों को सूचना मिली थी कि वनमंडल कटघोरा के केंदई रेंज अंतर्गत कोरबी सर्किल में कक्ष क्रमांक पी-346 में स्थित गागा नाला से कुछ लोगों द्वारा रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन किया जा रहा है। इस सूचना पर रेंजर अभिषेक दुबे के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने नाले में दबिश दी तो मौके पर एक स्वराज ट्रैक्टर मिला जिसमें कुछ लोग रेत का उत्खनन कर उसे भर रहे थे। उन्हें पकड़कर जब टीम द्वारा रेत के उत्खनन तथा परिवहन संबंधी दस्तावेज देने को कहा तो वे प्रस्तुत नहीं कर सके।
रेत के उत्खनन व परिवहन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर वन अपराध प्रकरण क्रमांक 12654/18 बनाकर भारतीय वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। वन विभाग की कार्रवाई से उन रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है जो क्षेत्र में वन विभाग की जमीन स्थित नदी व नालों से रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन कर गौण खनिज की तस्करी करते हैं।
उक्त कार्रवाई में रेंजर के अलावा सीएफओ कोरबी एम.के. साहू, बीएफओ नागेंद्र जायसवाल, पंकज खैरवार, प्रीतम पुराइन, अशोक श्रीवास एवं गंगा नेताम की प्रमुख भूमिका रही।

Ramesh Verma

Mob. 9144488800, 9685187361

Related Articles

Back to top button