सर्वमंगला पुलिस ने अंजान महिला की अर्थी को दिया कंधा
0 इंसानियत की मिसाल पेश की ,
0 चौकी प्रभारी ने किया अंतिम संस्कार
कोरबा ,जिले के सर्वमंगला चौकी पुलिस ने इंसानियत की मिसाल पेश कर एक सराहनीय काम किया है. एक अज्ञात महिला की मौत हो जाने पर जब उसके किसी रिश्तेदार का पता न चल सका और महिला की शिनाख्ती नही हुई तो सर्वमंगला चौकी प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने महिला की अर्थी को न केवल कंधा दिया बल्कि उनका विधि विधान से अंतिम संस्कार भी किया । क्षेत्रवासी भी पुलिस की इस मानवता की चर्चा करते नहीं थक रहे हैं।
जानकारी के अनुसार 21 अगस्त को सर्वमंगला पुलिस चौकी अंतर्गत गर्म पानी नहर के समीप शाम वक्त कुछ बच्चे खेल रहे थे। इस दौरान बच्चों की नजर नहर में बह रही एक लाश पर पड़ी। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी विभव तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को बाहर निकाला तो वह एक महिला की निकली। शव का परीक्षण करने पर हाथ में गोदना के निशान मिले। पुलिस के पास मृतिका की पहचान के लिए साड़ी व गोदना ही सहारा था। लेकिन उस दिन मृत महिला की शिनाख्ती नही हो पाई।
पुलिस ने शिनाख्त के अभाव में शव को मेडिकल कालेज अस्पताल के मर्च्यूरी में सुरक्षित रखवा दिया। मृतका की पहचान के लिए तमाम थाना चौकियों के अलावा क्षेत्र में सूचना दी गई। इसके बावजूद मृतिका की पहचान के लिए कोई भी नहीं पहुंचा। आखिरकार सर्वमंगला पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई।
पोस्ट मार्टम होने के बाद सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी ने मृतिका का विधि विधान से अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया। शनिवार को महिला के शव को सर्वमंगला पुलिस चौकी लाया गया। जहां पुलिस जवानों ने शव को मुक्तिधाम तक ले जाने अर्थी तैयार की। इस अर्थी को नए कपड़े व फूल से सजाया गया।
महिला की अर्थी को चौकी प्रभारी विभव तिवारी और पुलिस जवान कंधा देकर स्थानीय मुक्तिधाम ले गए। जहां पूरे विधि विधान के साथ मृतिका का अंतिम संस्कार किया गया।



