0 ट्रैक्टर से रेत खाली कराने को लेकर हुआ था विवाद, ईंट-पत्थर, डंडे और बेल्ट से किया हमला; 24 घंटे के भीतर पुलिस की कार्रवाई
कोरबा,बुधवारी दशहरा मैदान के पास रेत को लेकर दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और खूनी संघर्ष की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
रेत खाली कराने की बात पर शुरू हुआ विवाद
घटना 2 एवं 3 नवंबर की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार रेत से भरे ट्रैक्टर को रोककर रेत खाली कराने की बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर, डंडे, चमड़े के बेल्ट और कड़े से हमला करने लगे। इस दौरान मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर थाना सिविल लाइन रामपुर के अंतर्गत सीएसईबी चौकी में काउंटर अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने प्रथम पक्ष के विरुद्ध धारा 109(1), 296, 115(2), 351(3) सहित संबंधित धाराओं तथा द्वितीय पक्ष के विरुद्ध धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), 191(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
24 घंटे के भीतर 10 आरोपी गिरफ्तार
मामले में सीएसईबी चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए ईंट के टुकड़े और बेल्ट भी जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में विवाद के और बढ़ने तथा संभावित बड़ी घटना की आशंका को नियंत्रित किया गया।



