
कोरबा,शहर के आईटीआई चौक के पास बालको मार्ग स्थित मछली मार्केट में ग्राहकों को कम तौलकर मछली बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई दुकानदार 1 किलो के नाम पर लगभग 750 ग्राम मछली देकर ग्राहकों से पूरे 1 किलो का पैसा वसूल रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से मछली मार्केट में तौल को लेकर शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन संबंधित नापतोल विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से दुकानदारों के हौसले बुलंद हैं। विभागीय जांच और नियमित निरीक्षण के अभाव का फायदा उठाकर कुछ व्यापारी ग्राहकों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं।
इसी क्रम में एक पत्रकार भी कथित तौर पर कम तौल का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार मछली खरीदने के दौरान तौल में गड़बड़ी पाए जाने पर पत्रकार ने आपत्ति जताई और मामले की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और नापतोल विभाग से मछली मार्केट में विशेष जांच अभियान चलाने, इलेक्ट्रॉनिक एवं पारंपरिक तराजुओं की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा हो सके।




