

रायपुर ,छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ई-चालान को लेकर आम जनता की परेशानी का मामला सामने आया है।
शहर के कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों ने आरोप लगाया है कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर भेजे जा रहे ई-चालान की राशि अधिक होने से लोगों को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आरोप है कि कई मामलों में 1000 से लेकर 5000 रुपये तक के ई-चालान भेजे जा रहे हैं।
जिससे आम नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि चालान भरने के लिए उन्हें अपना काम छोड़कर यातायात कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।
इस संबंध में पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन रायपुर (छ.ग) के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश तिवारी सहित समाजसेवी अंबिका तिवारी, हर्षा परपानी, राजेश साहू, मुकेश कुमार वर्मा और विजय महापात्र ने संयुक्त रूप से प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर ई-चालान की प्रक्रिया की समीक्षा करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चालान प्रणाली को सरल बनाया जाए और राशि निर्धारण में भी पारदर्शिता रखी जाए।
वहीं प्रशासन की ओर से कहा गया है कि ई-चालान यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए किया जाता है और शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।


