
कोरबा,स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में निकाली जा रही तिरंगा यात्राओं के बीच कोरबा के बालको क्षेत्र में एक तिरंगा यात्रा चर्चा का विषय बन गई है। आरोप है कि यात्रा के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद हितानंद अग्रवाल सहित कुछ लोगों के हाथों में तिरंगा ध्वज उल्टा था, जबकि पूरी यात्रा क्षेत्र की गलियों और मोहल्लों से होकर निकाली गई।
जानकारी के अनुसार, बालको मंडल अध्यक्ष डिलेंद्र यादव, वरिष्ठ नेत्री मंजू सिंह तथा अन्य भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान भारत माता के जयकारों के बीच लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर क्षेत्र में भ्रमण किया। हालांकि बाद में सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में कुछ स्थानों पर तिरंगा ध्वज उल्टा दिखाई देने का दावा किया गया।
बताया जा रहा है कि मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया से संबंधित तस्वीरें और वीडियो हटाए गए। इसके बाद क्षेत्र में यह चर्चा तेज हो गई कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े ऐसे कार्यक्रम में इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई और यात्रा में शामिल जिम्मेदार पदाधिकारियों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन-बान-शान और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का प्रतीक है। ऐसे में राष्ट्रीय ध्वज के प्रदर्शन के दौरान विशेष सावधानी बरती जानी चाहिए।
अब सवाल यह उठ रहा है कि इस पूरे मामले को संगठन मानवीय त्रुटि मानकर नजरअंदाज करेगा या फिर जिम्मेदारी तय करते हुए कोई कार्रवाई अथवा स्पष्टीकरण सामने आएगा। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।




