कोरबा

चोरों का आतंक :  एक ही रात टूटे पांच सूने मकान के ताले

कोरबा , ऐसा लग रहा हैं की इस समय शहर में चोर गिरोह सक्रिय है, जो आए दिन चोरी की वारात को अंजाम दे रहे हैं। शातिर चोरों ने एक ही रात पांच मकानों में चोरी की है। जिसमें चार मकान एक ही बस्ती की है, जबकि पांचवां पॉश कालोनी में स्थित है। हालांकि चोरों के हाथ लगे सामान स्पष्ट नही है। इसका खुलासा मकान मालिको के लौटने पर होगा।
मामला सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पतासाजी कर रही है। पहली घटना मानिकपुर पुलिस चौकी अंतर्गत रविशंकर शुक्ल नगर की है। यहां आवास क्रमांक एलआईजी 2/13 में मथुरा चंद्रा अकेले निवास करती है। उनके पति आयुर्वेद विभाग में अधिकारी थे, जिनका देहांत हो चुका है, जबकि दो बेटियों के हाथ पीले कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि श्रीमती चंद्रा बेटी के घर भोपाल चली गई। उन्होंने घर की देखरेख के लिए नौकरानी को जिम्मेदारी सौंपी थी। वह सुबह मुख्यद्वार का दरवाजा खोलकर भीतर पहुंची, जहां मकान के दरवाजे पर नजड़ पड़ते ही उसके होश उड़ गए। दरअसल मकान के दरवाजे में लगा ताला टूटा हुआ था, जिसकी जानकारी नौकरानी ने आसपास के लोगों को दी। जिन्होंने घटना से पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो आवास के भीतर सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा मिला। चोर बाउंड्रीवाल को फांदने के बाद दरवाजे का ताला तोडक़र कमरों में पहुंचे थे। पुलिस ने तह तक जाने डॉग स्क्वायड की मदद ली। मास्टर सुनील गुप्ता ने खोजी डॉग बाघा के रस्सी ढीले किए तो वह मकान के आसपास ही घूमता रहा। जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोर वाहन में सवार होकर मौके तक पहुंचे थे। पुलिस ने परिजनों के माध्यम से घटना की जानकारी पीडि़ता को दे दी है। उसके घर लौटने के बाद चोरी गए सामानों का खुलासा होगा।
इसी तरह सिविल लाइन थानांतर्गत सतनाम नगर में एक ही रात चार मकानों का ताला तोडक़र चोरों ने पुलिस को चुनौती दे दी है। सतनाम नगर में रहने वाले चार परिवार बीते कुछ दिनों से बाहर गए हुए हैं। उन्होंने मकान के दरवाजे में ताला जड़ा हुआ था। शातिर चोर पिछले हिस्से से मकान के मुख्य द्वार तक पहुंचे और दरवाजे में लगा ताला तोडक़र भीतर पहुंचे। घटना के बाद एक ही परिवार ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है, जबकि तीन परिवार शिकायत दर्ज कराने थाना नही पहुंचे थे। उन्होंने लौटने के बाद चोरी गए सामान की जानकारी देने व रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है।
गौरतलब है कि बीते एक माह से शहर में चोरी की घटना अचानक बढ़ गई है। शातिर चोर आए दिन मकान, दुकान व सरकारी संस्थानों को निशाना बना रहे हैं। बहरहाल पुलिस सतनाम नगर में चोरी को अंजाम देने वाले आरोपियों की पतासाजी कर रही है।
शहर के पॉश कालोनी रविशंकर शुक्ल नगर में चोरी की घटना घटित हो गई। सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने कालोनी और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इस दौरान एक कैमरे में तीन संदिग्धों की तस्वीर कैद मिली है, जो पहले बाइक फिर थोड़ी देर बाद पैदल घूमते नजर आ रहे हैं।

Ramesh Verma

Mob. 9144488800, 9685187361

Related Articles

Back to top button