पोलियो मुक्त भारत बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी: गुप्ता



0 एचटीपीपी अस्पताल में पिलाई गई दो बूंद जिंदगी की
कोरबा, हसदेव ताप विद्युत गृह अस्पताल कोरबा (पश्चिम) में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त मुख्य अभियंता (टी एण्ड एसएस) एमके गुप्ता रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गुप्ता द्वारा नन्हें बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर की गई।
रविवार को सुबह से ही एचटीपीपी क्षेत्र के लोग अपने शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पल्स पोलियो ड्रॉप पिलाने बड़ी संख्या में पहुंचे थे। जिसे लेकर विभागीय अस्पताल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स सहित अन्य स्थानों में शिविर आयोजित कर बच्चों को दवा पिलाई गई। इस अवसर पर श्री गुप्ता ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत को बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर एसके गोठी प्रशासकीय प्रभारी हसदेव ताप विद्युत गृह चिकित्सालय तथा डॉ रेणु कौशिक वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि हसदेव आवासीय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए विशेष टीमें गठित की गई है। श्री गोठी ने श्री गुप्ता, अतिथियों और सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी, पैरामेडिकल स्टॉफ और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



