कोरबा, शहर में अब भारी वाहनों का दबाव बढ़ने से रोज जाम लग रहा है। इसी कड़ी में सर्वमंगला से कुसमुंडा मार्ग पर 1 घंटे तक जाम लगने से लोग परेशान रहे। बताया जा रहा हैं की बरमपुर के पास नहर पुल पर एक ट्रैलर ब्रेकडाउन हो गया। जिसकी वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
सर्वमंगला मार्ग पर 24 घंटे भारी वाहनों का दबाव बना रहता है। बरमपुर नहर पुल काफी सकरा है। जिसमें एक ट्रैलर शाम लगभग 4 बजे ब्रेकडाउन हो गया। इसकी वजह से दूसरा वाहन पार नहीं हो पा रहा था। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। छोटे वाहन भी जाम में फंस गए। सबसे अधिक परेशानी कुसमुंडा, बांकीमोंगरा, दीपका क्षेत्र के लोगों को भी हुई। लगभग शाम 5 बजे वाहन को हटाया गया। इसके बाद ही आवाजाही शुरू हो सकी। सर्वमंगला मार्ग पर फोरलेन का काम भी यहां अधूरा है। नहर पर नया पुल बनना है। लेकिन नया टेंडर ही नहीं हो सका है। इस वजह से लोगों की समस्या कम नहीं हो रही है। इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। तीसरे चरण के लिए जमीन मिलने के बाद ही टेंडर होगा। इसके बाद ही अधूरे काम पूरे होंगे। इसी तरह विगत दिनों रेलवे फाटक अधिक समय तक बंद होने पर शहर के सुनालिया पुल पर भी जाम में लोग फंस गए थे। शहर के हर मार्ग पर रोज जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।
















