

कोरबा,जिला अस्पताल की पार्किंग व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। पार्किंग में आए दिन वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ताजा मामले में पार्किंग में खड़ा एक वाहन चोरी हो गया, जिसके बाद वाहन मालिक और पार्किंग शुल्क वसूलने वालों के बीच जमकर विवाद हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्किंग संचालक नियमित रूप से वाहन शुल्क तो वसूलते हैं, लेकिन वाहन की सुरक्षा की कोई जिम्मेदारी लेने से साफ इनकार कर देते हैं। वाहन चोरी होने के बाद जब पीड़ित ने जवाबदेही की बात उठाई तो शुल्क वसूलने वाले कर्मचारियों ने कहा कि वाहन की सुरक्षा उनकी जिम्मेदारी नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है तो वाहन सुरक्षा की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की कमी और पार्किंग प्रबंधन की लापरवाही के कारण वाहन मालिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
नागरिकों ने जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन से पार्किंग व्यवस्था की जांच कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो चोरी और विवाद की घटनाएं लगातार बढ़ती रहेंगी।
















