

कोरबा, रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जिला जेल कोरबा में भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जेलर अमितेश साहू के मार्गदर्शन में नियमों के तहत रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बहनों ने जेल में निरुद्ध भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान अर्चना उपाध्याय ने 15 भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने भाइयों को नशे से दूर रहने, अच्छे आचरण अपनाने तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा भी दी।
राखी बंधवाने वाले भाइयों ने भी बहनों के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त करते हुए भविष्य में बेहतर जीवन जीने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान भावनात्मक माहौल देखने को मिला और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की गरिमा को सभी ने महसूस किया।

जेल प्रशासन ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बंदियों में सामाजिक और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करना तथा उनके भीतर सकारात्मक सोच का विकास करना है। रक्षाबंधन के इस आयोजन ने जिला जेल परिसर में आत्मीयता और भाईचारे का संदेश दिया। रक्षाबंधन पर्व को लेकर जिला जेल में विशेष व्यवस्था भी प्रबंधन द्वारा किया गया था सुरक्षा के दृष्टि और बाहर से आए सामग्रियों को चेक करके ही भीतर लाया गया
















