शराब में पानी मिलाकर बेचने के आरोप में टी.पी. नगर की दुकान में मारा छापा
कोरबा, जिले में कई शराब दुकानों पर आरोप हैं की सेल्समैन के द्वारा देशी और विदेशी शराब में पानी मिलाकर बेचा जा रहा हैं। पूर्व में भी इसी तरह की शिकायत शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के देशी और विदेशी शराब दुकानों से सामने आती रही है। राताखार, स्टेडियम मार्ग, कुसमुंडा, हरदी बाजार के शराब दुकान इन मामलो में काफी चर्चित रहे हैं। शराब में मिलावट खोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के मध्य आबकारी अमले की टीम ने कुछ पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में दबिश दी। सूत्रों से मिली सूचना के मुताबिक अमले के द्वारा अपने साथ एक मापक यंत्र भी रखा गया था जिसके द्वारा अंग्रेजी शराब में की गई मिलावट की जांच मौके पर ही की गई। जिन शराब की बोतलों में पानी मिलाया गया था, उसे अलग रखा गया और लगभग तीन से चार पेटी मिलावटी शराब यहां से अमले ने बरामद कर जप्त किया है।
सूत्र बताते हैं कि आबकारी विभाग ने टी.पी. नगर शराब दुकान से एक्सपायरी डेट की बीयर भी जप्त की है। हालांकि इस पूरे मामले में विभागीय तौर पर कोई भी जानकारी साझा नहीं की गयी हैं जिसके कारण पूरी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इस तरह की कार्यवाही से मिलावटी शराब बेच रहे सेल्समैन और उनके संरक्षकों में एक बारगी हड़कंप जरूर मच गया है।




