कोरबा, स्वतंत्रता दिवस के पूर्व में शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पीडब्ल्यूडी रामपुर, कोरबा के स्वयंसेवकों द्वारा गोद ग्राम नया रिस्दी सतनाम नगर में भव्य तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान के प्रति जागरूक किया गया।
तिरंगा यात्रा में स्वयंसेवक हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे गांव में भ्रमण करते हुए देशभक्ति के नारे लगाते रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में “वंदे मातरम्” का गान कर देश के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।
स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, स्वच्छता, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के प्रति भी प्रेरित किया। तिरंगा यात्रा और वंदे मातरम् गान से पूरे गांव का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।











