कोरबा

हिंदू नववर्ष पर अंचल में कड़ी सुरक्षा हेतु 200 से ज्यादा जवान रहेंगे तैनात,पेट्रोलिंग पार्टी करेगी गस्त

कोरबा , हिंदू नववर्ष (नव संवत्सर) और नवरात्र के अवसर पर शहर में आयोजित रैली और धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 200 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को दोपहर करीब 1 बजे कोसाबाड़ी और सीतामढ़ी से भव्य रैली निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। रैली में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त करेगी, वहीं कई ऊंची इमारतों से भी निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्यवाही की जा सके।
रैली के दौरान होने वाली आतिशबाजी को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम भी सतर्क रहेगी। आगजनी जैसी किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल रेस्क्यू के लिए दमकल कर्मियों को तैनात किया गया है। रैली के चलते शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक शहर में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
चांपा की ओर से आने वाले चारपहिया और भारी वाहन बरबसपुर बालको मार्ग से डायवर्ट किए जायेगे। कुसमुंडा की ओर से आने वाले वाहन दर्री डैम मार्ग का उपयोग करेंगे। रैली और कार्यक्रम में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शोभायात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति न होने पाए और स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए सभी को हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कई थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तथा कार्यक्रम को शांतिपूर्ण बनाने में सहयोग करें।

    Ramesh Verma

    Mob. 9144488800, 9685187361

    Related Articles

    Back to top button