वाहन चला रहे नाबालिग वाहन चालकों पर हुई कार्यवाही

कोरबा, अंचल में नाबालिग विद्यालयीन छात्रों के द्वारा दुपहिया वाहन चला कर विद्यालय जाने और आने पर रोक के संबंध में अनेकों बार हिदायत देने के बाद भी आदत में सुधार नहीं होने पर यातायात पुलिस की टीम ने सरस्वती शिशु मंदिर के बाहर पहुंचकर 7 वाहन चालकों से अर्थदंड की कार्यवाही करते हुए उनसे 14 हजार रूपए का समन शुल्क जमा कराया है।
उल्लेखनीय हैं की जिले में बढ़ते सड़क हादसों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में सख्त निर्देश दिए हैं। थाना एवं चौकी क्षेत्र में वाहनों की जांच-पड़ताल करते हुए चालकों द्वारा मादक द्रव्य पदार्थ या अन्य मादक पदार्थो का सेवन कर नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर भी जब्ती की कार्यवाही हो रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा वर्मा के पर्यवेक्षण में सरस्वती शिशु मंदिर सीतामणी विद्यालय के सामने यातायात की टीम ने ऐसे विद्यार्थियों पर कार्यवाही की जो दो पहिया वाहन चलाते हुए विद्यालय पहुंचे थे। उनके परिजन को मौके पर तलब कर जुर्माना की कार्यवाही करते हुए कई मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा वर्मा ने पहले भी स्पष्ट किया है कि बच्चों के अभिभावक उन्हें स्वयं विद्यालय लाना ले जाना करें। यह संभव ना हो तो अन्य वाहन की व्यवस्था करें लेकिन नाबालिग बच्चों के हाथ में वाहन चलाने के लिए बिल्कुल भी ना दें। यदि एक बार की सलाह पर आदत में सुधार नहीं आएगा तो कठोर कार्यवाही की जाएगी और न्यायालय प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा। आगे भी अपील की गई है कि अपने बच्चों और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात के नियमों का पालन करें और इसमें पुलिस प्रशासन को सहयोग दें। यह कार्यवाही उन बच्चों पर भी होगी जो सामान्य तौर पर भी दोपहिया वाहन चलाते हुए पाए जाएंगे, इसलिए अभिभावक अपने बच्चों को बिल्कुल भी वाहन चलाने के लिए ना दें।




