युवक की हादसे में गई जान,लोगों ने किया हंगामा
0 ट्रेलर की टक्कर से युवक की हुई घटना स्थल पर ही मौत
कोरबा, अंचल के टी.पी. नगर क्षेत्र में बाइक सवार एक युवक की सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार ट्रेलर ने युवक को टक्कर मार दी जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। इस घटना का सबसे दुखद पहलु यह हैं कि उक्त युवक की शादी को महज 3 महीने ही हुए थे जानकारी के मुताबिक, मृतक यशवंत पैकरा उम्र 28 साल कुसमुंडा थाना इलाके के विकास नगर का निवासी था। यशवंत पैकरा कुसमुंडा खदान में संचालित एक निजी ठेका कंपनी में कार्य करता था। हादसे वाले दिन वह किसी कार्य से टी.पी. नगर क्षेत्र आया था, इसी दौरान उसे भारी वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। टी.पी. नगर क्षेत्र में स्थित देवांगन होटल के पास हुए हादसे में युवक की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई।
*हादसे के बाद हंगामा*
इस क्षेत्र में लगातार हादसे हो रहे हैं। इस हादसे के बाद लोगों में आक्रोश फूट पड़ा। आस-पास में मौजूद लोग भड़क गए और जाम लगाने की भी कोशिश की गई। मौके पर तनाव के हालात बनने की खबर लगते ही सीएसईबी चौकी से पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोगों को समझाइश देकर पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।




