यातायात पुलिस की टीम कर रही स्पीडोमीटर से गति सीमा की जांच



कोरबा , राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार में आवाजाही करने के कारण लगातार हो रहे हादसे पर रोकथाम के लिए यातायात पुलिस की टीम स्पीडोमीटर से गति सीमा की जांच करते हुए कार्यवाही कर रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रफ्तार की वजह से लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। खासकर कोरबा-कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के बिना डिवाइडर के होने की वजह से वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो रही है। ब्लैक स्पॉट पर यातायात पुलिस द्वारा जरूरी उपाय करने के बाद भी वाहनों की तेजरफ्तार व चालकों की लापरवाही की वजह से हादसे हो रहे हैं।
जिसके मद्देनजर कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस की टीम अब राजमार्गो पर स्पीडोमीटर लेकर जांच के लिए पहुंच रही है। बांगो क्षेत्र में सड़क किनारे स्पीडोमीटर से वाहनों की गति सीमा की जांच के बाद मौके पर ही कार्यवाही की जा रही है। वहीं कटघोरा से पाली के बीच भी यातायात पुलिस की अन्य टीम स्पीड राडॉर लगे वाहन के साथ पहुंचकर भारी वाहनों की गति सीमा मापते हुए कार्यवाही कर रही है। वाहनों के तेज रफ्तार से भाग निकलने पर उनके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक के पते पर ई-चालान भेजा जा रहा है।



