मेडिकल कॉलेज अस्पताल से फरार हुआ निरूद्ध अपचारी
0 जहरीले पदार्थ के सेवन पश्चात इलाज हेतु कराया गया था अस्पताल दाखिल
कोरबा, जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बाल सम्प्रेषण गृह से उपचार के लिए लाया गया निरूद्ध अपचारी बालक चकमा देकर फरार हो गया। अस्पताल में भर्ती के महज 18 घंटे के भीतर वह भाग निकला।
घटना ने एक बार फिर मेडिकल कॉलेज अस्पताल व संप्रेक्षण गृह के सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बाल संप्रेक्षण गृह के 17 वर्षीय अपचारी बालक को जहरीले पदार्थ के सेवन पश्चात गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आपातकालीन उपचार के बाद उसे वार्ड में शिफ्ट किया गया, जहां उसका उपचार जारी था। लगभग 18 घंटे के भीतर ही वह अस्पताल से फरार हो गया। बालक के हाथ में कैनुला और शरीर में कैथियेटर लगे होने के बावजूद वह आसानी से अस्पताल से भाग निकला। सुरक्षा में तैनात गार्ड को इसकी भनक तक नहीं लगी। घटना का खुलासा तब हुआ, जब वार्ड में मौजूद स्टाफ ने बालक को बिस्तर पर नहीं पाया। पहले तो अस्पताल कर्मियों ने आसपास तलाश की, लेकिन जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो हड़कंप मच गया। आनन फानन में पूरे अस्पताल परिसर में खोजबिन की गई, लेकिन तब तक बालक फरार हो चुका था।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ खडे हुए हैं। जिस अपचारी बालक को विशेष निगरानी में रखा जाना था, वह इतनी आसानी से कैसे फरार हो गया। बालक के साथ बाल सम्प्रेषण गृह का एक गार्ड तैनात था, लेकिन वह भी पूरी घटना से अंजान रहा। बहरहाल पुलिस फरार अपचारी बालक की तलाश में जुटी हुई है। बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालकों के फरार होने के कई मामले सामने आ चुके हैं।
इस मामले में असिस्टेंट मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. रविकांत जाटवर ने कहा की 27 मार्च को बाल सम्प्रेषण गृह से एक नाबालिग को भर्ती किया गया था। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे वार्ड में रखा गया था, जहां से वह कहीं चला गया। जिसकी तलाश अस्पताल स्टाफ द्वारा की गई। तलाश के बाद जब वह नहीं मिला तो पुलिस को मेमो भेजा गया है।




