मकान की छत से गिरे युवक की उपचार के दौरान मौत

कोरबा ,जानकारी के अनुसार घर की छत में गहरी नींद सो रहा युवक करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। घटना में युवक को गंभीर चोटें आई। उसें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां उपचार के दौरान युवक की मृत्यु हो गई। बताया जा रहा हैं की मृतक सुबह ही पड़ोसी जिले से काम कर घर लौटा था। पुलिस ने वैधानिक कार्यवाही पूरी कर ली है।
जानकारी के अनुसार उरगा थानांतर्गत ग्राम पहंदा में हरियर सिंह कंवर नामक युवक निवास करता है। उसका 24 वर्षीय पुत्र सक्ती जिले में रोजी-मजदूरी कर पत्नी और एक बच्चे का पालन पोषण करता था। वह कई दिनों तक काम कर घर लौटा था। उसने पूरे दिन परिवार के साथ बिताई। इसके बाद रात करीब 9 बजे परिवार के साथ भोजन कर घर के छत में जाकर सो गया। रात लगभग 11.30 बजे परिजनों को जोर की आवाज सुनाई दी। उन्होंने घर के बाहर आकर देखा तो गणेश छत से गिरा हुआ था। घटना में गणेश गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उसे आनन-फानन में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान गणेश की मृत्यु हो गई। उसके शव को मर्च्युरी में रखवाते हुए पुलिस को मेमो भेज दिया गया। अस्पताल पुलिस ने वैधानिक कार्यवाही उपरांत शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।






