पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के स्वर्ण सिटी निवास पर होली मिलन में उमड़ा जनसैला…..




कोरबा, ऊर्जा नगरी कोरबा में इस वर्ष होली का पर्व केवल रंगों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आपसी प्रेम, सामाजिक आत्मीयता और जनसंवाद का प्रतीक बनकर सामने आया। शहर में कई स्थानों पर होली मिलन समारोह आयोजित हुए, लेकिन स्वर्ण सिटी स्थित पूर्व राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल के निवास पर आयोजित समारोह विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर नगर तथा आसपास के क्षेत्रों—दर्री, जमनीपाली, बालको, कटघोरा, पाली, हर्दीबाजार, गेवरा तथा पेंड्रा-गौरेला-मरवाही एवं बिलासपुर सहित विभिन्न स्थानों से हजारों लोग स्वस्फूर्त रूप से शामिल हुए। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, पत्रकारगण तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक समारोह में उपस्थित रहे। सभी का आत्मीय स्वागत किया गया और परंपरागत रूप से अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएँ दी गईं। फाग गीतों की स्वर लहरियों और ढोलक की थाप ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया
विशेष बात यह रही कि समारोह में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हर्बल गुलाल का उपयोग किया गया। इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का पर्व है। उन्होंने अपील की कि यदि वर्ष भर में किसी से अनजाने में कोई गलती हुई हो, तो उसे भूलकर प्रेम और सौहार्द के साथ इस पर्व को मनाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि श्री जयसिंह अग्रवाल वर्षों से अपने निवास पर होली मिलन समारोह आयोजित करते आ रहे हैं, किंतु इस वर्ष उमड़ी अभूतपूर्व भीड़ ने इसे और भी यादगार बना दिया। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि जनता के बीच रहने वाला, उनकी समस्याओं को समझने वाला और हर समय उपलब्ध रहने वाला नेतृत्व ही सच्चे अर्थों में जननेता होता है।




