जिले में कई हितग्राही अब भी प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित


0 आवास मित्रों को नहीं मिला वेतन
कोरबा ,जिले के वनांचल क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद पंचायत कोरबा में माखुरपानी, अजगरबहार और धनगांव जैसी पंचायतों में बड़ी संख्या में हितग्राही अब भी पक्के मकान की आस लगाए बैठे हैं। जिन ग्रामीणों को योजना का लाभ मिला भी है, उनके मकान भी अभी अधूरे पड़े बताये जा रहे हैं।
माखुरपानी निवासी ने बताया कि उन्होंने कई बार आवेदन भरकर जमा किए, लेकिन अब तक उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि ग्राम में कई ऐसे लोग हैं जो बार-बार आवेदन के बावजूद लाभ से वंचित हैं। हालांकि पंचायत क्षेत्रों में आवास मित्रों के प्रयासों से अब तक लगभग 60 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जिनमें से 12 आवास कोरवा पहाड़ी जनजातीय परिवारों को आवंटित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 150 आवास निर्माणाधीन हैं।
आवास मित्रों को महीनों से वेतन नहीं मिलने की बात भी कही जा रही है। एक ओर जहाँ हितग्राही अपने नए मकान को लेकर खुश हैं, वहीं दूसरी ओर आवास मित्र शासन की उपेक्षा से परेशान हैं। उनका कहना है कि बिना वेतन के परिवार चलाना कठिन हो गया है और मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है। आवास मित्रों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि लंबित वेतन शीघ्र जारी किया जाए, ताकि वे निष्ठा और उत्साह के साथ अपने कार्यों को जारी रख सकें।
ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की दृष्टि से यह योजना अत्यंत महत्वपूर्ण है, परंतु क्रियान्वयन की खामियाँ और कर्मचारियों की अनदेखी इसे प्रभावित कर रही हैं। यदि संबंधित विभाग जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाते, तो यह योजना अपने लक्ष्य से भटक सकती है।




