चोरी : गर्मी आते ही चोर हुए सक्रिय, घंटाघर स्थित चौपाटी में चोरों का आतंक नगदी रुपए को छोड़कर गैस सिलेंडर की कर ली चोरी

0 सुरक्षा को लेकर उठे सवालिया निशान, व्यापारियों में दहशत का माहौल व्याप्त
0 सिविल लाइन थाना क्षेत्र का मामला, चोरों को पकड़ने में पुलिस को मिली चुनौती
कोरबा, सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर के घंटाघर स्थित गढ़कलेवा चौपाटी में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात गैस सिलेंडर चोरी की घटना सामने आने से क्षेत्र के छोटे व्यापारियों में चिंता का माहौल है। अज्ञात चोरों ने दो फास्टफूड दुकानों को निशाना बनाते हुए केवल गैस सिलेंडर ही चोरी किए, जबकि दुकानों में रखी नगदी और अन्य सामान को हाथ तक नहीं लगाया।
घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह तब हुई, जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे और ताले टूटे हुए पाए। मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने बताया कि गढ़कलेवा चौपाटी में 60 से अधिक दुकानें संचालित हैं, जिनसे कई परिवारों का जीवन-यापन जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत है। सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहे हैं और यदि मिल भी रहे हैं तो ब्लैक मार्केट में ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे हैं। ऐसे में इस तरह की चोरी की घटनाएं व्यापारियों की परेशानी को और बढ़ा रही हैं. उन्होंने निगम प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि चौपाटी में न तो सीसीटीवी कैमरे सही स्थिति में हैं और न ही सुरक्षा गार्ड की कोई व्यवस्था है। कई बार सुरक्षा बढ़ाने की मांग के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित दुकानदार जगदीश शाह ने बताया कि उनके पास केवल एक ही सिलेंडर था, जो चोरी हो गया। ऐसे में अब उन्हें अपनी दुकान बंद करनी पड़ सकती है। वहीं, दूसरे दुकानदार मनोज चौधरी ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पर ताला टूटा मिला और अंदर से केवल सिलेंडर गायब था इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से चौपाटी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।




