चारे-पानी के अभाव में मवेशियों की हो रही है मौत

0 5 दिन में हुई 6 मवेशियों की मृत्य
कोरबा ,जिले के गोकुल नगर गौठान में पिछले 5 दिनों में चारे-पानी की कमी और कुत्तों के हमले के कारण 6 मवेशियों की मृत्यु हो जाने की जानकारी दी जा रही हैं। यहां के केयरटेकर ने जानकारी देते हुए बताया कि मृत मवेशियों के शव अभी भी यहां पड़े हुए हैं। उन्हें ले जाने के लिए जानकारी दी गई है, लेकिन अभी तक कोई नहीं आया है।
गौठान के केयरटेकर ने चारे-पानी की कमी की बात से इंकार किया। उसने बताया कि कुछ दिनों पहले एक गाय ने बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन कुत्तों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में गाय के बच्चों की मृत्यु हो गई। कुत्तों ने गाय को भी घायल कर दिया, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। एक और गाय ने भी बच्चे को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के बाद गाय और उसके बच्चे दोनों की मौत हो गई। इस तरह से लगातार मवेशियों की मौत हो रही है।
उसने आगे बताया कि चारा-पानी की समस्या पहले आ रही थी, लेकिन वर्तमान में इसकी कोई दिक्कत नहीं है। मवेशियों को उचित मात्रा में पानी भी दिया जा रहा है। बीच-बीच में डॉक्टर भी जांच के लिए यहां पहुंचते हैं। गौठान में मवेशियों की मौत की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। इधर नगर निगम के अधिकारी ने कहा कि इस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। अगर मवेशियों की मौत हुई है, तो तत्काल इसकी जांच की जाएगी।






